Maharajganj Times

मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में महराजगंज का दमदार प्रदर्शन: शूटिंग में उपविजेता, जिमनास्टिक में अंशिका ने जीता गोल्ड

Education
Thursday, 30 Jul, 2026
0
122

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- मंडल स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 में महराजगंज के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। जनपद कुशीनगर के समाज कल्याण इंटर कॉलेज, खेसरा में आयोजित शूटिंग प्रतियोगिता में कंपोजिट विद्यालय वरवां राजा, विकास क्षेत्र मिठौरा की टीम ने बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उपविजेता (रनर-अप) का स्थान हासिल किया। वहीं कुशीनगर जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित जिमनास्टिक प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक विद्यालय राजपुर, विकास क्षेत्र लक्ष्मीपुर की कक्षा 6 की छात्रा अंशिका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ अंशिका ने प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान भी सुनिश्चित कर लिया है। छात्र-छात्राओं की इस सफलता से जिले के शिक्षा विभाग और विद्यालयों में खुशी का माहौल है। शिक्षकों और अभिभावकों ने विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर क्षेत्रीय व्यायाम शिक्षक मिठौरा विवेक कुशवाहा, व्यायाम शिक्षक विवेक सिंह आदित्य तथा जयप्रकाश मौर्य सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रदेश स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।